बहराइच। पयागपुर थाना पुलिस ने डेढ़ महीने से वांछित चल रहे गैंगरेप के आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी ग्राम प्रधान को हाईकोर्ट से स्टे मिल गया है। इस वजह से गिरफ्तारी नहीं की गई है। शिवदहा के चरदहा निवासी भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष कामता प्रसाद मौर्या व शिवदहा के ग्राम प्रधान पचरन नाथ मौर्या के खिलाफ गैंगरेप का आरोप था।
शुक्रवार सुबह पुलिस ने कामता प्रसाद मौर्या को गिरफ्तार कर लिया। मामले के दूसरे आरोपी पचरन नाथ मौर्या को हाईकोर्ट से स्टे मिलने के कारण गिरफ्तार नहीं किया गया है। एसएचओ, पयागपुर राजकुमार पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों पर 376 डी के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। उधर, बीजेपी जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता पर आरोप निराधार है। संगठन के माध्यम से मामला शासन तक पहुंचाएंगे ताकि न्याय मिल सके।