बहराइच। मुख्यमंत्री द्वारा निर्धारित बिंदुओं की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। अध्यक्षता मंत्री श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय विभाग अनिल राजभर ने की। श्रम मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रदेश में जनकल्याणकारी एवं विकास कार्यों के बारे में लोगों से फीड बैक प्राप्त की जाय। अधिकारियों से कहा कि व्यवस्थाओं में और बेहतरी लाये जाने का प्रयास करें।
संभावित बाढ़ को मद्देनजर रखते हुए फुलप्रूफ व त्रुटिरहित कार्ययोजना तैयार रखें। राहत व बचाव कार्यों को संचालित करने के कार्य को पूरी गंभीरता के साथ लिया जाये। चिलवरिया चीनी मिल में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के संबंध में मंत्री ने कहा कि इस संबंध में वह मुख्यमंत्री व संबंधित मंत्री से वार्ता करेंगे। श्रम मंत्री ने कहा कि जनपद बहराइच में अच्छा कार्य हो रहा है। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर मिलने वाले पुरस्कार व विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों में ऊंची रैंक इस बात का प्रमाण है। बैठक में एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, एसपी केशव कुमार चौधरी, एडीएम मनोज समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)