बहराइच। माता जी! आपका आवास तो बहुत साफ-सुथरा है। अब तो कोई दिक्कत न होत है। बारिश के समय भागै के तो नाय पड़त है। अब तो प्रधानमंत्री जी आप लोगन का पक्का मकान भी दै दिहिन है। यह सवाल निरीक्षण के दौरान जब श्रम मंत्री ने एक महिला से पूछा तो पीएम आवास लाभार्थी ने कहा कि साहब ठीक कहत हौ। अब हमरे लोगन के सब दुख दूर होय गा। नाइ तो बरसात में नरक होय जात रहा। प्रधानमंत्री हम लोगन के लिए भगवान है। जऊन इ सब कष्ट दूर कै दिहिन। महिला की यह बात सुनकर श्रम मंत्री हाथ जोड़कर आगे की ओर चल पड़े।
मंत्री श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय विभाग अनिल राजभर मंगलवार को जिले के भ्रमण पर रहे। वह नगर की मलिन बस्ती शिवनगर दसईपुरवा वार्ड नंबर एक का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मलिन बस्ती के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत नीलम, संगीता, उर्मिला, बीना, कोयली, मंजू, कृष्णा, सुशीला, पुष्पा, आशा देवी, नीलम पत्नी हनुमान प्रसाद, सुधा देवी, सुमित्रा देवी सहित अन्य लाभार्थियों के आवासों का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली।
जनपद भ्रमण के दौरान विकास खंड कैसरगंज अंतर्गत ग्राम परसेंडी में संचालित अस्थायी गोआश्रय स्थल का निरीक्षण कर संरक्षित गोवंशों के चारे, पानी, रहने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गोवंशों को हरा चारा, गुड़ व फल खिलाकर गोसेवा की। इसके बाद विकास खंड जरवल अंतर्गत ग्राम जरवल देहाती में निर्मित पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। मौके पर सीआरओ अवधेष कुमार मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय, एसडीएम सदर सुभाष सिंह धामी, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र, ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी, पीओ डूडा संजय कुमार सिंह, नायब तहसीलदार हबीबुर्रहमान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।