बहराइच। सहायक संभागीय कार्यालय के यात्रीकर अधिकारी की ओर से सीज किया गया वाहन फर्जी रिलीज ऑर्डर के सहारे छुड़ा लिया गया। मामले में वाहन स्वामी के बयान पर एआरटीओ ने दरगाह थाने में एक शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
यात्रीकर अधिकारी महेश वर्मा ने फिटनेस न होने व ओवरलोडिंग के मामले में मिनी ट्रक यूपी 43 टी 9008 को 15 अप्रैल को सीज किया था। बाद में फर्जी रिलीज ऑर्डर दिखाकर वाहन मुक्त करा लिया गया था। इसकी जानकारी होने पर एआरटीओ प्रवर्तन ओपी सिंह ने जांच की तो मामला सही निकला। इसके बाद वाहन स्वामी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। एआरटीओ प्रवर्तन के मुताबिक, गोंडा के थाना कौड़िया निवासी वाहन स्वामी रमेश कुमार ने बयान में कहा कि वाहन अवमुक्त कराने के लिए वह सहयोगी राजेंद्र पांडेय के साथ एआरटीओ कार्यालय आए थे।
यहां चाय की दुकान पर जीशान नाम के व्यक्ति ने 54 हजार रुपये में वाहन छुड़ाने की बात कही थी। 54 हजार रुपये देने पर जीशान ने रिलीज ऑर्डर बताकर एक प्रपत्र दिया था। इसे दिखाकर गल्लामंडी चौकी से वाहन मुक्त करा लिया था। इसके बाद एआरटीओ प्रवर्तन ने जीशान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।