बहराइच। शहर में यातायात व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। आये दिन लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। समस्या तब ज्यादा होती है जब रोगी को ले जा रही कोई एंबुलेंस इसमें फंस जाती है। शुक्रवार की रात भी यही हुआ। छावनी चौराहे पर एक एंबुलेंस जाम में फंस गई और मरीज अंदर दर्द से कराहता रहा। एंबुलेंस चालक ने बताया कि हादसे में जख्मी मरीज को ले जा रहे हैं।
आधे घंटे बाद जब जाम खुला तो एंबुलेंस अस्पताल की ओर रवाना हुई। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस का कोई भी जवान नहीं दिखा। सीओ, ट्रैफिक विनय द्विवेदी ने बताया कि जाम में एंबुलेंस फंसने का वीडियो सामने आया है। जांच कराई जा रही है। निर्देश दिया गया है कि चौराहों पर जाम की स्थिति पैदा न होने दी जाए। एंबुलेंस जैसी सेवाओं को बाधित न होने दिया जाए।