रानीपुर (बहराइच)। हुजूरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत रमपुरवा में शुद्ध पेयजल के लिए बनी टंकी की पाइप डालने के लिए ठेकेदार ने गड्ढे खुदवाए थे। पाइप डालने के कई दिन बीतने के बाद भी उसे भरवाया नहीं गया। सड़क के समानांतर गड्ढा होने से एक गोवंश की इसमें गिरकर मौत हो गई थी। ‘अमर उजाला’ ने ग्रामीणों की इस समस्या को 12 मई के अंक में ‘ठेकेदार ने गड्ढे खोदकर छोड़े, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन’ शीर्षक से प्रकाशित किया था। जिसके बाद ठेकेदार ने गड्ढों में मिट्टी डलवाकर भरवा दिया। जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
रमवापुर गांव में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पानी की टंकी निर्माण का काम चल रहा है। इसके तहत ग्रामीणों के घरों तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पाइप डालने का कार्य हो रहा है। जिसमें कार्य करवा रहे ठेकेदार ने कई मीटर तक सड़क के किनारे गड्ढा खोद दिया और पाइप भी डाल दी। उसके बाद ठेकेदार गड्ढे पाटना भूल गया। जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं गड्ढे से हादसे की भी आशंका बनी थी।
यही नहीं पिछले दिनों एक गोवंश की गड्ढे में गिरकर मौत हो गई। जिससे लोगों में आक्रोश था। ग्रामीणों ने 12 मई को ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ‘अमर उजाला’ ने ग्रामीणों की इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर छपने के बाद ठेकेदार की नींद टूटी और 13 जून को गड्ढे पटवा दिए गए। जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीण अंकित सिंह, प्रदीप सिंह, साजन सिंह, रणधीर सिंह व गुड्डू सिंह आदि ने जनसमस्या को प्रमुखता से उठाने पर ‘अमर उजाला’ को धन्यवाद दिया।