फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राशन कार्ड जमा हुए दस हजार, आवेदन मिले महज 15

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। जिला व तहसील मुख्यालय स्थित पूर्ति विभाग के कार्यालय में बृहस्पतिवार तक जिले के 10 हजार अपात्र कार्डधारकों के आवेदन सरेंडर के लिए प्राप्त हो चुके हैं। अब इनके स्थान पर बेघर व कचरा बीनने वालों समेत अन्य पात्रों के कार्ड निर्गत कराने की मुहिम शुरू कर कर दी गई है। अब तक बेघर व कचरा बीनने वालों के महज 15 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभाग अब आवेदनों के सापेक्ष सभी को राशनकार्ड निर्गत करने की तैयारी में जुट गया है।
विज्ञापन

प्रदेश सरकार ने बेघर व कचरा बीनने वालों के भी राशन कार्ड बनाने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन खाद्य सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों के चयन का निर्धारित लक्ष्य जनपद में पूरा था इसलिए ऐसे लोगों को कार्ड जारी नहीं हो पा रहे थे। हाल ही में पूर्ति महकमे ने अपात्र की श्रेणी में आने वालों से अपने कार्ड सरेंडर करने की अपील की थी ताकि जरुरतमंदों को लाभ मिल सके। इस अपील के बाद जिले के 10 हजार अपात्रों ने आवेदन पत्र देकर अपने राशन कार्ड समर्पित कर दिए हैं। इनकी जगह पर अब पात्र परिवारों को लाभ देने की कवायद जारी है। डीएम के निर्देश पर विभाग की टीम ने अभियान चलाकर करीब 40 बेघर व कचरा बीनने वाले परिवार को चिह्नित किया था। इन परिवारों से आधार कार्ड के साथ कार्यालय में पहुंचने को कहा गया था।
जिला पूर्ति कार्यालय में अब तक महज 15 गरीब परिवारों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। पूर्ति महकमे ने प्राप्त आवेदनों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर इनके राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शीघ्र ही सभी को शासन की मंशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न मिलना शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन

डीएसओ अनंत प्रताप सिंह की अगुवाई में महकमे की टीम ने शहर के मंदिर-मस्जिदों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भीख मांगकर पेट पालने वालों को चिह्नित करने के लिए अभियान चलाया था। टीम ने अभियान के तहत करीब 40 गरीब परिवार चिह्नित किए थे। इन सभी को कार्यालय बुलाकर कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा था। अभी महज 15 गरीब परिवारों ने ही कार्यालय पहुंचकर आवेदन जमा किया है।
डीएसओ ने नगरवासियों से अपील की है कि उनके आसपास अगर ऐसे गरीब परिवार निवास कर रहे हैं जो प्रतिदिन कचरा बीनकर परिवार का पेट पाल रहें हैं तो इनकी जानकारी पूर्ति कार्यालय में मुहैया कराएं।
डीएम के निर्देश के बाद अभियान शुरू किया गया है। प्रथम चरण में मंदिर, मस्जिद व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भीख मांगकर परिवार का पेट पालने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। अब तक 40 परिवार चिह्नित किए गये। इनमें से 15 ने आवेदन किया है। सभी आवेदनों की जांच कर राशन कार्ड निर्गत कराने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
विज्ञापन

- अनंत प्रताप सिंह, डीएसओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें