कैसरगंज (बहराइच)। खरचरियनपुरवा गांव के जंगल में महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद महिला के परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। परिजनों ने थाने में आठ लोगों के खिलाफ तहरीर देने का दावा किया है, लेकिन पुलिस ऐसी कोई तहरीर मिलने से इंकार कर रही है।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के खरचरियनपुरवा गांव 25 वर्षीय निशा पत्नी रामअवतार का शव गांव के जंगल में मिला। शव मिलने के बाद महिला के परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को फेंकने का आरोप लगाया है। महिला के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजनों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। कई बार समझाने के बाद बेटी को ससुराल भेजा था। इसके बावजूद ससुरालीजन उसे परेशान कर रहे थे। पिता ने आरोप लगाया कि गरीबी का फायदा उठाते हुए ससुरालीजनों ने हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। पीड़ित ने कैसरगंज कोतवाली में आठ लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कैसरगंज कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि महिला के पिता ने पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।