बहराइच। इटहा के जगीर गांव में मामूली विवाद को लेकर दो भाई आपस में भिड़ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसमें एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के इटहा गांव निवासी तीरथराम कश्यप व अगनू कश्यप बुधवार को मामूली विवाद को लेकर आपस में भिड़ गये। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। उनके बीच लाठी-डंडे चलने लगे। अगनू लाठी की चपेट में आ गए। उनके सिर में चोट आ गई। इस पर उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लाया गया जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। नानपारा कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।