फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फीता काटते ही बिजली गुल, मंत्री पसीने से तर-बतर

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। विकास कार्यों की समीक्षा करने आए मंडलीय प्रभारी मंत्री ने जैसे ही कलेक्ट्रेट में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल का फीता काटा वैसे ही बिजली गुल हो गई। ठंडक का अहसास कराने के लिए लगाए गये कूलर बंद होते ही मंत्री जी पसीना-पसीना हो गए। उनका चेहरा गुस्से से लाल हो गया। यह सब देख अफसरों के माथे पर भी पसीना आ गया। इत्तेफाक यह रहा कि स्टॉलों का निरीक्षण समाप्त हुआ तो बिजली आ गई। वहीं, बिजली गुल होने से नाराज दिख रहे मंत्री जी मीडिया के चमकते कैमरों की वजह से अधिकारियों से कुछ बोल नहीं पाए।
विज्ञापन

सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री व मंडल के प्रभारी राकेश सचान शुक्रवार को जिले के दौरे पर रहे। सुबह वह कलेक्ट्रेट परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करने पहुंचे। जैसे ही मंत्री ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया वैसे ही बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होते ही पंडाल में लगे कूलर व पंखे बंद हो गए। कुछ ही देर बाद मंत्री व साथ में मौजूद विधायक के माथे पर पसीना आ गया। यह देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी पसीना-पसीना हो गये।
इसके बाद आनन-फानन में बिजली सही करने का काम शुरू हुआ, लेकिन तब तक मंत्री का निरीक्षण पूरा हो चुका था। मंत्री जी जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास, बेसिक शिक्षा, उद्यम एवं प्रोत्साहन, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, पशुपालन, दुग्ध विकास, आयुष, उद्यान, मत्स्य, गन्ना, रेशम व कृषि सहित अन्य विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर चुके थे। निरीक्षण कर जैसे ही मंत्री विकास कार्यों की समीक्षा करने कलेक्ट्रेट सभागार की ओर बढ़े वैसे ही बिजली आ गई। यह देखकर मंत्रीजी का चेहरा गुस्से से लाल हो गया, लेकिन वहां पर मौजूद मीडिया के कैमरे देखकर वह कुछ नहीं बोले और सभागार में चले गए। मंत्री के निरीक्षण में बिजली विभाग की लापरवाही ने जिला प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों पर पानी फेर दिया।
विज्ञापन

बताया जाता है कि स्टॉलों का निरीक्षण करने के बाद मंत्री कलेेक्ट्रेट सभागार में बैठक करने पहुंचे। बैठक में बलहा विधायक सरोज सोनकर के साथ उनके प्रतिनिधि आलोक जिंदल भी मौजूद रहे। मंत्री ने परिचय पूछा। विधायक प्रतिनिधि सुनते ही उन्हें वहां से जाने के लिए कह दिया। मंत्री ने कहा कि चाहे आप बैठक में रहें या विधायक। इसके बाद विधायक प्रतिनिधि बैठक से बाहर चले गये। ऐसे में चर्चा रही कि बिजली कटने का गुस्सा विधायक प्रतिनिधि पर निकल गया।
आईसीडीएस विभाग के पंडाल के अवलोकन के दौरान मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा बच्चों का अन्नप्रासन कराया। कृषि विभाग के स्टॉल पर दो किसानों को ढैंचा बीज किट का वितरण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हंसराजा व ननकऊ को आवास की चाभी, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मोहिनी पाठक को भी आवास की चाभी सौंपी।
महसी विधायक सुरेश्वर सिंह व अपना दल के विधायक रामनिवास वर्मा बैठक में नहीं शामिल हुए। शामिल न होने का कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका। इसके अलावा बैठक में सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी व बलहा विधायक सरोज सोनकर मौजूद रहीं। अधिकारियों में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, एसपी केशव कुमार चौधरी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें