बहराइच/जरवलरोड। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नीलगाय के सामने आने व कार अनियंत्रित होने से हादसा हुआ जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के पथरा महसी गांव निवासी 37 वर्षीय महेश जायसवाल पुत्र माता प्रसाद लखनऊ के कैसरबाग स्टेशन पर कैंटीन का संचालन करते थे। वह कैंटीन में काम करने वाले 35 वर्षीय नूर हसन अपने पुत्र असलम के साथ लखनऊ से अपने गांव श्रावस्ती आ रहे थे। जैसे ही वह लखनऊ-बहराइच हाईवे पर देहात कोतवाली क्षेत्र के एक रिसॉर्ट के पास पहुंचे तभी अचानक नीलगाय निकल पड़ी। बाइक तेज होने के कारण टक्कर होते ही बाइक सवार अनियंत्रित हो गए।
सड़क पर गिरते ही दोनों की मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना जरवलरोड थाना क्षेत्र के झुकिया के पास की है। यहां खड़ी डीसीएम में कार अनियंत्रित होकर पीछे से घुस गई जिसमें लखनऊ के आलमबाद निवासी 35 वर्षीय रजत शुक्ला की मौत हो गई। महेंद्र व सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।