बाबागंज (बहराइच)। माधवरामपुरवा गांव में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार की सूचना पर पुलिस अंत्योष्टि स्थल पहुंची और अस्थियों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के माधवपुरवा गांव निवासी 19 वर्षीय शीला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि युवती को सांप ने काट लिया था जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए युवती का अंतिम संस्कार कर दिया। युवती के अंतिम संस्कार की सूचना पर रुपईडीहा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार त्रिपाठी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अंत्येष्टि स्थल से अस्थियों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, गांव में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएगा उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।