गायघाट (बहराइच)। ग्रामीणों की भैंस चोरी कर नेपाल में बेचने वाले गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चोरी की दो भैंस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग भैंस बेचने के लिए नेपाल ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
एसपी के निर्देश पर मोतीपुर थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह ने अपनी टीम को चेकिंग करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि एसआई अखिलेश पांडेय हमराहियों के साथ दौलतपुर तिराहे के पास चेकिंग कर रहे थे तभी तीन युवक दो भैंस लेकर आते दिखाई दिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि जैसे ही उनकी नजर पुलिस पर पड़ी तो तीनों भागने लगे। इस पर टीम ने दौड़ाकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में सब टूट गए और बताया कि भैंस चोरी कर नेपाल में बेचने के लिए ले जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा थाना क्षेत्र के परसा निवासी मुकुट बिहारी, मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के मझरा गांव निवासी रामदुलारे व नानपारा कोतवाली क्षेत्र के खैराकला गांव निवासी माखनलाल के रूप में हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।