बहराइच। शौच करने गए युवक को मगरमच्छ ने नदी में खींचकर निवाला बना लिया। साथ में मौजूद मौसेरे भाई ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों व परिजनों के साथ पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद लगभग सात घंटे बाद युवक का शव गोताखोरों ने बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सुजौली थाना क्षेत्र के सिरसियन पुरवा गांव निवासी हरिमोहन के यहां शादी का कार्यक्रम था। शादी में शामिल होने के लिए नेपाल के गुलरिहा निवासी 20 वर्षीय दीपू अपनी मां के साथ दो दिन पहले आया था। बुधवार की सुबह दीपू मौसेरे भाई शिवा के साथ सरयू नहर के किनारे शौच के लिए गया। इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने दीपू को पानी में खींच लिया और चबा गया। यह देख मौसेरा भाई भौचक्का रह गया। भागते हुए घर पहुंचा और पूरी बात बताई। यह सुनते ही परिजन दौड़ते हुए नदी के किनारे पहुंचे और सूचना पुलिस और वन विभाग की टीम को दी। सूचना पर सुजौली थानाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह व वनकर्मी सदर बीट इंचार्ज अब्दुल सलाम दलबल के मौके पर पहुंचे। टीम ने शव ढूंढने के लिए गोताखोरों को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मगरमच्छ द्वारा युवक को खींच ले जाने के बाद कहीं कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था। गोताखोर की टीम ने भी काफी तलाश की, लेकिन शव का पता नहीं चल सका। लोगों को लगा कि मगरमच्छ ने युवक को पूरी तरह चबाकर खत्म कर दिया है, लेकिन सात घंटे बाद कुछ दूरी पर युवक का शव बरामद हुआ।
सिरसियन पुरवा गांव में हुई घटना के बारे में जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। नदी में 14-14 फीट के दो मगरमच्छ पहले ही देखे जा चुके है। इसे लेकर गांव में वन विभाग व फ्रेंड्स क्लब की ओर जागरुकता अभियान भी चलाया जा चुका है। चूंकि, युवक नेपाल से आया था इसलिए उसको जानकारी नहीं होगी।
- आकाशदीप बधावन, डीएफओ, कतर्नियाघाट