पयागपुर (बहराइच)। हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में बुधवार को पयागपुर क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज पर दूसरे छात्र केे स्थान पर परीक्षा दे रहे एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। प्रधानाचार्य से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। थाना पयागपुर अंतर्गत परीक्षा केंद्र रामप्रकाश इंटर कॉलेज, सुहेलवा में बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान प्रधानाचार्य को एक छात्र पर कुछ संदेह हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल थानाध्यक्ष पयागपुर को दी।
थानाध्यक्ष हरेंद्र मिश्र ने सूचना मिलने पर अपनी टीम के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचकर जांच की। इस दौरान पाया गया कि परीक्षार्थी हरिकृष्ण पुत्र मुन्नालाल के स्थान पर कुलदीप राज पुत्र शिवप्रसाद केवट निवासी झाला तरहर, थाना पयागपुर परीक्षा दे रहा था। अभियुक्त ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार कर लिया। विद्यालय के अध्यापक से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।