पयागपुर (बहराइच)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑपरेशन के नाम पर अवैध वसूली थमने का नाम नहीं ले रही है। लोगों की लगातार शिकायतों के बाद भी सीएचसी की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो रही हैं। पूर्व में मरीजों व तीमारदारों के साथ बदसलूकी के आरोप के बाद इस बार सीएचसी पर ऑपरेशन के नाम पर जबरदस्ती 5000 रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।
विकास खंड की ग्राम पंचायत सतरही निवासी पित्तर ने मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को शिकायती पत्र भेजकर सीएचसी पयागपुर के एक डॉक्टर पर ऑपरेशन के नाम पर जबरदस्ती वसूली का आरोप लगाया है। पित्तर यादव ने बताया कि 25 मार्च को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच करायी थी। जांच के बाद सीएचसी पर डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी जिसके बाद डॉक्टर अनस खान ने उसका ऑपरेशन किया। पित्तर का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उससे 5000 रुपये की मांग की गई।
गरीब होने की वजह से उसने पैसे न दे पाने की बात कही जिसके बाद उसे जबरदस्ती अस्पताल में ही रोक लिया गया। उसने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने जबरदस्ती उससे 5000 रुपये वसूलने के बाद जाने दिया। पीड़ित ने बताया कि इस कृत्य के बाद से वह बहुत आहत है और मामले की निष्पक्ष जांच व कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री समेत जिले के अधिकारियों को पत्र लिया है। पत्र में उसने वसूला गया पैसा वापस दिलाने व संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वसूली को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भी काफी गुस्सा है।