बिछिया(बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार में प्रति माह हजारों पर्यटक बाघ व तेंदुआ देखने की आस लेकर पहुंचते हैं, लेकिन कई पर्यटकों को मायूसी हाथ लगती है। कई पर्यटकों को विचरण करते हुए बाघ व तेंदुए भी दिख जाते हैं। ऐसा ही शाहजहांपुर से बाघ देखने आए पर्यटकों के दल के साथ भी हुआ जिन्हें बाघ तो नहीं दिखा, लेकिन हाथी से जंगल सफारी करते समय तेंदुआ दिख गया। तेंदुआ देख सभी पर्यटक रोमांचित हो गए और तेंदुए की फोटो खींची।
शाहजहांपुर से पहुंचे पर्यटकों के दल के मनोज अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने कतर्नियाघाट के मनोहारी दृश्यों, पक्षियों के कलरव, जंगल सफारी व बोटिंग के बारे में सुना था। साथ ही जंगल में बाघ व तेंदुए के दिखने की बात भी सुनी थी जिसके बाद दल सहित कतर्निया घूमने आए हैं और पहली ही बार में बाघ तो नहीं दिखा, लेकिन तेंदुआ दिख गया। उन्होंने बताया कि वह दल सहित हाथी से जंगल सफारी का आनंद ले रहे थे कि चफरिया चौराहे के पास झाड़ियों में कुछ हलचल दिखी। सभी रोमांचित हो गए। इसी दौरान झाड़ियों से एक तेंदुआ निकला जिसे देखकर सभी रोमांचित हो गए। उन्होंने कहा कि कतर्निया आना सफल हो गया।