बाबागंज (बहराइच)। बनकुरी गांव में रविवार रात चोरों ने एक ग्रामीण के घर में सेंध लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर में रखी नकदी व जेवरात पर हाथ साफकर चोर फरार हो गए। वहीं, गश्त करने का दावा करने वाली पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी। जब परिजन उठे तो देखा कि घर से कुछ दूरी पर खेत में कपड़े व बक्शा पड़ा है। पुलिस ने तहरीर न मिलने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बनकुरी गांव निवासी सिराजुददीन रोजाना की तरह रविवार को भी अपने परिवार के सदस्यों के साथ खाना खाकर सो गए थे। रविवार रात अज्ञात चोर घर की दीवार में सेंध लगाकर घुसे और 80 हजार नकद व ढाई लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। परिवार को घटना की जानकारी सोमवार सुबह उठने पर हुई। देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। घर के बाहर खेत में भी कपड़े व बक्शा पड़ा मिला। पीड़ित ने मुताबिक घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। वहीं, रुपईडीहा थानाध्यक्ष प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि किसी बंद मकान में चोरी हुई है। परिवार के लोग यहां नहीं रहते हैं। अभी घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।