बहराइच/नानपारा। नानपारा विधायक के वाहन पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। हमले के बाद कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है। सिटी मजिस्ट्रेट ने विधायक के घर पहुंचकर सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया।
अपना दल के नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा मंगलवार देर शाम घर आ रहे थे। बहराइच-नानपारा हाईवे स्थित मटेरा चौराहे के पास अराजक तत्वों ने उनके वाहन पर पथराव कर दिया। पथराव में वह बाल-बाल बच गए, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। विधायक की तहरीर पर मटेरा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक रामस्वरूप अग्रवाल, भाजपा महामंत्री नन्हेलाल लोधी समेत भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शहर के झिंगहाघाट स्थित विधायक के आवास पहुंचे। मामले में सिटी मजिस्ट्रेट ज्योति राय ने बताया कि डीएम के निर्देश पर विधायक के घर गई थी। उनसे वार्ता की और घटना की पूरी जानकारी ली। विधायक को भरोसा दिलाया गया है कि उनकी सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन अलर्ट है। एसपी केशव प्रसाद ने बताया कि मटेरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना का खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।