बहराइच। भारत-नेपाल सीमा स्थित जमुनहा प्रहरी चौकी से नेपाली पुलिस ने स्मैक के साथ बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों में से एक तस्कर अपने मुंह में स्मैक छिपाकर सीमा पार ले जा रहा था। अभियुक्तों से नेपाली पुलिस पूछताछ कर रही है।
विधानसभा चुनाव की मतगणना गुरुवार को होनी है। मतगणना को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों के सुरक्षाबलों की ओर से चौकसी बढ़ा दी गई है। बुधवार को दोनों देशों के बीच आवागमन करने वालों की सघन जांच की जा रही थी। इस दौरान जमुनहा प्रहरी चौकी पर तैनात नेपाली पुलिस के जवानों ने नेपाल सीमा में प्रवेश कर रहे दो लोगों को संदिग्ध लगने पर रोका। दोनों अभियुक्तों की तलाशी के दौरान पुलिस जवानों को कुछ नहीं मिला। जब पुलिस ने दोनों अभियुक्तों का मुंह खुलवाया तो उनमें से एक के मुंह में स्मैक की पुड़िया बरामद हुई। जमुनहा पुलिस चौकी प्रभारी मीनबहादुर बिष्ट ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान विष्णु रावत व भरत रावत निवासी नेपाल के रूप में हुई है। अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है।