नानपारा (बहराइच)। तहसील अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर एल्डर कमेटी की देखरेख में नामांकन पत्र बिक्री का कार्य शुरू हो गया। इस दौरान तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। नामांकन पत्रों के दाखिल होने का कार्य 3 व 4 मार्च को होगा। चुनाव में मतदान का कार्य नौ मार्च को किया जाएगा।
नानपारा तहसील में अधिवक्ता संघ के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मंगलवार की देर शाम तक एल्डर कमेटी के चेयरमैन रामादल वर्मा व सदस्य रूपनारायण जायसवाल की देखरेख में नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य हुआ। इस दौरान एक अध्यक्ष, एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष व एक मंत्री पद के लिए नामांकन पत्र की खरीद की गई।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन रामादल वर्मा ने बताया कि तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। उन्होंने बताया कि तहसील अधिवक्ता संघ के चुनाव में अब नामांकन दाखिल करने का कार्य 3 व 4 मार्च को होगा। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 5 मार्च व नाम वापसी 7 मार्च को होगी। चेयरमैन ने बताया कि चुनाव में मतदान का कार्य 9 मार्च को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान के बाद मतगणना शुरू करा दी जाएगी। परिणाम की घोषणा 10 मार्च को की जाएगी।