बहराइच। अति उत्साह में मतदान की गोपनीयता भंग करना एक युवक को भारी पड़ गया। मतदान करते समय ईवीएम व वीवीपैट मशीन का फोटो खींचकर वायरल करने के आरोप में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। आरोपी युवक को समाजवादी पार्टी का सोशल मीडिया प्रभारी बताया जा रहा है। एआरओ की ओर से की गई इस कार्रवाई से हड़कंप मचा है।
कई अन्य जिन्होंने गोपनीयता भंग की थी वे भी डर के साए में हैं। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान की गोपनीयता बनाए रखने को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों का पालन करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों को निर्देशित किया था। इसके बावजूद कुछ जगहों पर मतदान के दौरान गोपनीयता भंग की गई और अति उत्साह में लोगों ने अपने चहेते प्रत्याशी को वोट देने का फोटो व वीडियो बनाया और वायरल किया।
ऐसा ही एक फोटो समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता का भी वायरल हुआ जिसका संज्ञान लेते हुए सदर विधानसभा क्षेत्र के एआरओ डॉ. सुनील कुमार ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया है। मतदान के दौरान खींची गई फोटो के मामले में मुकदमा दर्ज होने की सूचना फैलते ही चोरी छिपे मतदान करते समय फोटो खींचने वाले अन्य लोगों में दहशत है। वहीं कई लोग मतदान कक्ष में मोबाइल ले जाने की छूट को लेकर प्रशासन पर भी सवाल खड़ा कर रहे हैं।