बहराइच। पड़ोसी देश नेपाल में गुलरिया रोड अंतर्गत बांके के खजुरा बाजार के मनकामना चौक (पृथ्वी चौक) पर मंगलवार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने नेपाली राष्ट्रध्वज के नीचे प्रेशर कुकर बम रख दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे नेपाली सेना के जवानों ने बम को निष्क्रिय कर दिया। पुलिस उपाधीक्षक मधुसूदन न्यौपाने ने बताया कि यदि बम बलास्ट होता तो काफी तबाही हो सकती थी।
बांके के खजुरा बाजार स्थित मनकामना चौक (पृथ्वी चौक) पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने नेपाली राष्ट्र ध्वज के नीचे प्रेशर कुकर बम रख कर ईंटों से ढक दिया। मुखबिर ने इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक मधुसूदन न्यौपाने को दी। उन्होंने यह जानकारी नेपाली सेना के अधिकारियों को दी। इस पर नेपाली सेना के जवानों ने पहुंचकर बम को समय रहते निष्क्रिय कर दिया। बम को निष्क्रिय करते समय दोनों ओर का मार्ग बंद कर दिया गया। बम निष्क्रिय करने वाली टीम में नेपाली सेना के भैरव प्रसाद गण, सूबेदार थानेश्वर पोखरेल आदि शामिल रहे।