बहराइच। पड़ोसी देश नेपाल की पुलिस ने शुक्रवार को भारतीय सीमा से सटे क्षेत्र में भारी मात्रा में पक्षियों का मांस बरामद किया। यह मांस कई तस्कर पेटियों में ले जा रहे थे। नेपाली पुलिस को देखते ही सभी तस्कर पेटियां फेंककर फरार हो गए। नेपाली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद मांस की कीमत नेपाली मुद्रा के अनुसार लगभग तीन लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। भारत में विधानसभा चुनाव को देखते हुए नेपाल पुलिस ने भी भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।
शुक्रवार को गश्त के समय भारतीय सीमा से सटे नेपाली क्षेत्र में कुछ लोग थर्माकोल की पेटियां ले जा रहे थे। नेपाली पुलिस केे जवानों ने उन्हें रुकने का आदेश दिया। इस पर सभी लोग पेटियां मौके पर ही फेंककर भाग खड़े हुए। पेटियों की जांच के दौरान भारी मात्रा में बतख व मुर्गे का मांस बरामद किया गया। नेपालगंज पुलिस कार्यालय के प्रभारी डिल्ली बहादुर खड़का ने बताया कि 14 पेटियों में मांस बरामद किया गया है। सभी पेटियों पर मलेशियन डक लिखा हुआ है। यह मांस ग्रामीण क्षेत्र की खुली सीमा के रास्ते यहां लाया गया है। पेटियां कहां से आईं व कहां ले जाई जा रही थीं, इसकी जांच की जा रही है।