बहराइच/पयागपुर। मुस्लिम वर्ग भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा दुखी और दहशत में रहा। हमेशा घबराता रहा। मुस्लिम वर्ग का विकास व उत्थान होना तो बहुत दूर की बात रही उसने इस सरकार में कभी सुरक्षित तक महसूस नहीं किया। भाजपा सरकार में भी अपराध का ग्राफ बढ़ता रहा। कांग्रेस ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान किया है। ये बातें मंगलवार को बहराइच पहुंचीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहीं।
पयागपुर विधानसभा क्षेत्र के इंद्रापुर गांव में बसपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा हुई। मुख्य अतिथि बसपा सुप्रीमो मायावती रहीं। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बसपा 2007 की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए लड़ रही है। आजादी के बाद केंद्र व उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में कांग्रेस की सरकारें रही हैं, लेकिन गलत नीतियों व गलत कार्य प्रणाली की वजह से केंद्र व काफी राज्यों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की सत्ता इनके हाथ से जा चुकी है।
यह पार्टी शुरू से जातिवादी होने के कारण दलित, आदिवासी व अन्य पिछड़ा वर्ग विरोधी है। कांग्रेस ने बाबा साहेब का अपमान किया। कांग्रेस दलित, आदिवासी व अन्य पिछड़ा वर्ग के वोटों के लिए किस्म-किस्म की नाटकबाजी करती रहती है। बसपा सुप्रीमो ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि सपा सरकार में तो ज्यादातर यहां गुंडों, बदमाशों और माफियाओं का राज रहा जिस कारण हमेशा तनाव की स्थिति बनी रही। सपा में अधिकतर फायदे सिर्फ एक ही वर्ग तक पहुंचते रहे। सपा सरकार ने एससी/एसटी की अधिकतर सुविधाओं को खत्म किया। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा सरकार को भी घेरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की भी नीतियां व कार्यशैली जातिवादी, पूंजीवादी व आरएसएस के एजेंडे को लागू कर रही हैं। प्रदेश में अपराध बढ़े हैं।
खासकर दलित व मुस्लिम समेत अन्य वर्ग के लोग सुरक्षित नहीं हैं। सरकारी नौकरियों में आरक्षण का कोटा पूरा नहीं किया गया है। मुस्लिम वर्ग इस सरकार में सबसे ज्यादा दुखी और दहशत में रहा। हमेशा घबराता रहा। मायावती ने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मण समाज भी खुद को उपेक्षित महसूस करता रहा। इसके अलावा गलत आर्थिक नीतियों से यहां गरीबी व महंगाई बढ़ी है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान भी काफी ज्यादा परेशान रहे। लोगों को रोजगार न मिलने के कारण पलायन करना पड़ा। बसपा सुप्रीमो मैदान में भीड़ देखकर खुश नजर्र आइं।
बसपा सुप्रीमो भले ही प्रत्याशियों के समर्थन में बहराइच पहुंचीं, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रत्याशी को नजदीक नहीं आने दिया। बसपा सुप्रीमो ने अकेले ही हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। प्रत्याशी बसपा सुप्रीमो से काफी दूर रहे।
बसपा सुप्रीमो का भाषण जैसे ही खत्म हुआ और वह मंच से उतरकर हेलीकाप्टर की ओर बढ़ीं वैसे ही भीड़ उत्साहित हो गई। मायावती को देखने के बैरीकेडिंग तोड़ दी गई। सुरक्षा में तैनात जवानों ने भीड़ को रोका।