फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोट देने से इंकार करने पर दबंगों ने दो को मारी गोली

विज्ञापन
विज्ञापन
नवाबगंज (बहराइच)। फुलटेकरा गांव में वोट देने से इंकार करना कुछ ग्रामीणों को महंगा पड़ गया। वोट देने से इंकार से नाराज दबंगों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। बात और बढ़ी तो असलहों से फायरिंग कर दी जिसमें दो लोगों को गोली लगी है। पांच अन्य लोगों को मारपीट में गंभीर चोटें आईं हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

नवाबगंज थाना क्षेत्र के फुलटेकरा गांव निवासी गुरप्रसाद के घर पर मंगलवार रात गांव के कुछ लोग अलाव ताप रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग वोट मांगने के लिए आए और एक दल के पक्ष में वोट देने की अपील की। बताया जाता है कि अलाव ताप रहे लोगों में किसी ने कहा कि हम भाजपा को ही वोट देंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूसरे दल के समर्थन में वोट मांगने आए लोग उग्र हो गए और पास में ही रखे लाठी-डंडों से पीटने लगे। जब सबने इसका विरोध किया तो एक युवक ने असलहा निकाल लिया। आरोप है कि उसने फायरिंग की जिसमें 35 वर्षीय राधेश्याम पुत्र मूसे व 48 वर्षीय निर्मला पत्नी फौजदार घायल हो र्गइं।
इस दौरान हुई मारपीट में 50 वर्षीय सूबेदार, 36 वर्षीय रीता, 50 वर्षीय सावित्री, 19 वर्षीय ममता व 25 वर्षीय महेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने से गांव में हड़कंप मच गया। हर कोई घर से बाहर निकलने लगा। गांव में ग्रामीणों को एकत्र होते देख दबंग असलहे लहराते हुए फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर नवाबगंज थानाध्यक्ष रामसमुझ प्रभाकर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि एक नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन

जिला अस्पताल में भर्ती घायलों का आरोप है कि जब गांव में घटना हुई तो नवाबगंज पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। काफी देर बीत जाने के बाद जब पुलिस नहीं आई तो एसपी को फोन कर घटना की जानकारी ग्रामीणों ने दी। एसपी को सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई दलबल के साथ गांव में पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि जिस आरोपी ने गोली चलाई है वह नेपाल का ही रहने वाला है। पिछले चार-पांच सालों से यहां रह रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह नेपाल भाग गया। उसको पकड़ना अब पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
बताया जाता है कि इस पूरे प्रकरण में प्रधानी की रंजिश भी शामिल है। इसमें वर्तमान व पूर्व प्रधान की पुरानी रंजिश भी चल रही थी। इसके चलते छोटी बात को लेकर बड़ा विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि गोलीकांड की नौबत आ गई।
फुलटेकरा गांव में हुई घटना का मामला प्रकाश में आया है। प्रथम द्ष्ट़या मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। प्रकरण में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है। थानाध्यक्ष को हर पहलू पर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है। कानून से खिलवाड़ करने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन

- केशव चौधरी, एसपी बहराइच।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें