बहराइच। झाला तरहर गांव में बिना अनुमति के चुनावी सभा करने की सूचना पर पहुंची टीम ने मौके पर वीडियो व फोटोग्राफी करने के बाद पूर्व विधायक व सपा प्रत्याशी समेत 150 लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया है। चार दिन पहले भी पूर्व विधायक पर मुकदमा दर्ज हो चुका है।
जिले में आचार संहिता का पालन कराने के लिए डीएम डॉ. दिनेश चंद्र व एसपी केशव चौधरी ने सख्त निर्देश दिए हैं। डीएम-एसपी के निर्देश पर टीम पयागपुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान सूचना मिली कि बिना अनुमति के ही पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्रित कर चुनावी सभा का आयोजन कर रहे हैं। सूचना पर टीम पयागपुर के प्रभारी उप निरीक्षक सुभाष यादव, अवर अभियंता नलकूप अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल जाकिर हुसैन फारूकी व रोहित कुमार झाला के साथ गांव पहुंची। यहां काफी संख्या में भीड़ एकत्रित मिली। इस पर प्रभारी ने भीड़ की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। इसके बाद थाने में जाकर तहरीर दी। मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक समेत 150 अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव सिसोदिया ने बताया कि महामारी एक्ट समेत चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।