बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट रेंज के आंबा गांव में बीते दो दिनों से हाथियों का झुंड पहुंचकर तांडव मचा रहा है। हाथियों के तांडव से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। बीती रात आंबा गांव में पहुंचे हाथियों के झुंड ने जबरदस्त तांडव मचाया। किसानों की फसल को रौंद दिया। ग्रामीणों के हांका लगाने के बाद हाथी जंगल की ओर गए तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज में स्थित आंबा गांव निवासी मोहम्मद अली के खेत में लगी सरसों व गेहूं की फसलों को रौंद डाला। ग्रामीणों ने हांका लगाया तो हाथियों के झुंड ने चिंघाड़ना शुरू कर दिया। पीपे बजाने के साथ ग्रामीण हांका लगाते रहे। काफी मशक्कत के बाद हाथियों का झुंड जंगल की ओर वापस चला गया। हाथियों ने दो बीघा फसलों को रौंद डाला। गांव के लोग जंगली हाथियों से डरे हुए हैं। लोगों ने वन विभाग से मदद की गुहार लगाई है। डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि वनकर्मियों को गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।