जरवलकस्बा (बहराइच)। जलमग्न जमीन को आबादी की बताकर बेचने के आरोप में जरवल नगर पंचायत चेयरमैन समेत तीन लोगों के खिलाफ जरवलरोड थाने में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जरवल नगर पंचायत निवासी सलमान पुत्र समीउल्ला ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि जरवल नगर पंचायत अध्यक्ष तस्लीम बानो व उनके पति इंतिजार अहमद उर्फ मिथुन ने जलमग्न भूमि गाटा संख्या 589 को आबादी की बताकर बेच दी है।
आरोप है कि उक्त भूमि सरकारी संपत्ति है जिसकी बिक्री नहीं की जा सकती है। शिकायत पर राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपाल ने जांच कर आख्या उच्चाधिकारियों को भेज दी। प्रशासन ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के कोर्ट में अर्जी देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। कोर्ट ने जरवलरोड पुलिस को मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना का आदेश दिया। जरवलरोड थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर तस्लीम बानो, इंतिजार अहमद व आसिया खातून के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामदेव यादव को सौंपी गई है।