पयागपुर (बहराइच)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर के तहत कोविड टीकाकरण के लिए संचालित डोर टू डोर गतिविधियों का जायजा लेने के उद्देश्य से डीएम ने एसएसपी के साथ शिवदहा मोड़ पहुंचकर किशोर-किशोरियों के टीकाकरण के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पयागपुर सीएचसी निरीक्षण करने पहुंचे तो महिला चिकित्सक गायब मिलीं। चिकित्सक के गायब रहने की जानकारी पर डीएम का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। डीएम ने फटकार लगाते हुए गायब चिकित्सक से स्पष्टीकरण तलब किया है। डीएम के निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
डीएम डॉ. दिनेश चंद्र व एसएसपी केशव चौधरी ने सीएचसी पयागपुर पहुंचकर चिकित्सकों की उपस्थिति, टीकाकरण की प्रगति व मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान डॉ. श्वेता यादव के अनुपस्थित पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। टीकाकरण कार्य की समीक्षा के दौरान एमओआईसी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि 98 प्रतिशत से अधिक लोगों को प्रथम डोज दी जा चुकी है, जबकि 62 प्रतिशत से अधिक लोगों को दोनों डोज से आच्छादित किया जा चुका है।
1200 मतदान कार्मिकों के सापेक्ष 533 लोगों को बूस्टर डोज की खुराक दी जा चुकी है। डीएम ने एमओआईसी को निर्देश दिया कि द्वितीय डोज के साथ 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों व निर्वाचन की व्यवस्था में लगाए गए कार्मिकों को शीघ्र बूस्टर डोज लगवाई जाए। डीएम व एसएसपी ने 50 से अधिक निराश्रित, असहाय व गरीब तीमारदारों को कंबल का वितरण भी किया। इस मौके पर एसडीएम पयागपुर दिनेश कुमार, टीकाकरण प्रभारी डॉ. मृत्युंजय पाठक, डीपीएम अनुपम शुक्ला आदि मौजूद रहे।