कैसरगंज (बहराइच)। भीषण ठंड व कोरोना संक्रमण की तेज गति को देखते हुए शासन ने आगामी 23 जनवरी तक सभी शिक्षण संस्थाओं को बंद करने का आदेश दिया है। इसके बाद भी कुछ स्थानों से विद्यालयों के खुलने की बात सामने आ रही है। इस पर एसडीएम ने स्कूल खुले मिलने पर संबंधित विद्यालय की मान्यता रद्द कराने की चेतावनी दी है।
एसडीएम कैसरगंज महेश कुमार कैथल ने बताया कि शासन के निर्देश पर आगामी 23 जनवरी तक स्कूल व कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। इसके बाद भी यदि कोई स्कूल या कॉलेज खुला मिलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विद्यालय की मान्यता रद्द करने के लिए भी उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। लापरवाही क्षम्य नहीं होगी इसलिए सभी विद्यालय संचालक नियमों का पालन करें।