बहराइच। सीएमओ कार्यालय में बने एकीकृत कोविड कमांड सेंटर का रविवार की शाम जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कमांड सेंटर में अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति और कमांड सेंटर से संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निगरानी समितियों से बातचीत की।
रविवार की शाम अचानक डीएम कोविड कमांड सेंटर पहुंचे। डीएम के निरीक्षण में कमांड सेंटर में सभी कर्मचारी व अधिकारी मौजूद मिले और अपने कार्यों का निष्पादन करते मिले। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निगरानी समितियों से वार्ताकर टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करने, टीकाकरण टीमों की गंतव्य तक रवानगी आदि का जायजा लिया। उन्होंने बेहतर कार्य को लेकर कमांड सेंटर प्रभारी मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके सिंह की सराहना की। बताया कि प्रत्येक ब्लॉक पर वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपने व कमांड सेंटर द्वारा लोगों से बात करने के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं और लोग स्वयं टीकाकरण के लिए आगे आ रहे हैं।