कैसरगंज (बहराइच)। सहबापुर पचलखी ग्राम पंचायत में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक का शव सड़क के किनारे खाई में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने युवक के शव की शिनाख्त कर घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के सहबापुर पचलखी निवासी 40 वषीय हरिश्चंद्र पिछले कई सालों से चंडीगढ़ में मजदूरी का काम करते थे। वह बीते 12 जनवरी को अपने गांव आए थे। शुक्रवार की रात जब वह देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और परिजनों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। काफी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना दी। शव मिलने की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। परिजनों को भी मौत का कारण पता नहीं चल सका। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कैसरगंज कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बारे में जांच की जा रही है।