बहराइच। खाद की कालाबाजारी रोकने व किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध करवाने के लिए बृहस्पतिवार को जिले भर में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 39 खाद की दुकानों पर छापा मारा गया और 14 दुकानों से नमूने लिए गए। इस दौरान चार दुकानों पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई।
जिला कृषि अधिकारी सतीश पांडेय ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में टीम बनाकर कृषि विभाग ने छापा मारा। इस दौरान 39 दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, उपलब्धता व खाद की जांच की गई। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर उर्रा किसान सेवा सहकारी समिति, एग्री जंक्शन वन स्टॉप सेंटर रजवापुर, फिरोज खाद भंडार चिकनिया व राजू बीज भंडार पटेहरा के लाइसेंस निलंबित किए गए। जांच के दौरान 18 दुकानों से नमूने जमा किए गए और चार को नोटिस दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी किसान आवश्यकता के अनुसार ही खाद खरीदें। जिला स्तर पर टॉप 100 खरीदारों का सत्यापन करवाया जाएगा। अगर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा होती है, तो कृषि कार्यालय पर बने हेल्पलाइन नंबर से मदद ले सकते है।