रिसिया (बहराइच)। रिसिया में जिला पंचायत की एक और कारगुजारी सामने आई है। यहां पर एक महत्वपूर्ण सड़क पर निर्माण के लिए ठेकेदारों ने गिट्टी और पत्थर बिछवा दिया और चलते बने। 25 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क पर यात्री अपने वाहनों से गिरते हैं और चोटिल होते हैं। तमाम शिकायतें हुईं, लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी कोई ठेकेदार इस सड़क की सुध लेने नहीं पहुंचा।
रिसिया क्षेत्र में जिला पंचायत की मद से बन रही लगभग सभी सड़कें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं। रिसिया में जिला पंचायत की सड़कें देखने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि यहां कमीशन का खेल बड़े पैमाने पर चल रहा है। जिला पंचायत की सड़कों में भ्रष्टाचार के दो मामले सामने आने के बाद यह तीसरा मामला सामने आया है। धार्मिक स्थल विश्राम घाट, नंदापुरवा से गुरुचाही गांव के पक्के मार्ग तक सड़क निर्माण के लिए जिला पंचायत की ओर से 25 लाख की लागत से सड़क निर्माण होना था। दो महीने पहले ठेकेदारों ने इस सड़क के निर्माण का कार्य शुरू किया था।
सड़क पर गिट्टी व पत्थर बिछवाया और चलते बने। दोबारा लौटकर न तो ठेकेदार आया और न ही अधिकारी पहुंचे। ग्रामवासी कृष्णचंद्र, केदारनाथ, रामदीन, जंग बहादुर, पवन कुमार व सुरेश कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों ने मांग की है कि मार्ग का निर्माण कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रति दिन सूचना आती है कि कोई साइकिल से गिर गया तो कोई बाइक चलाते हुए सड़क पर गिर गया। अगर जल्द निर्माण पूरा नहीं हुआ तो उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।