बहराइच। शहर के एक लॉन में 13 दिसंबर को होने जा रहा सामूहिक विवाह इस बार अलग होगा। इस विवाह को यादगार बनाने के लिए आयोजकों ने बड़ी तैयारी की है। दुल्हनों के लिए सूरत से लहंगे तो दूल्हों के लिए लखनऊ से कोट-पैंट मंगाए गए हैं।
यह सामूहिक विवाह हरिशंकर मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित किया जा रहा है। 11 युवतियों का विवाह सामूहिक रूप से किया जाएगा। प्रत्येक युवक-युवती के पक्ष से 25-25 लोगों को बुलाया गया है। चीफ गेस्ट के रूप में दिल्ली के एंबुलेंस मैन हिमांशु कालिया और एंबुलेंस वीमेन ट्विंकल कालिया को बुलाया गया है। ट्रस्ट के महासचिव संदीप मित्तल ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम वाले लॉन में खाटू श्याम बाबा का दरबार सजाया जाएगा। मंडप और जयमाल में दूल्हनों का प्रवेश राजसी परिधानों में कराया जाएगा। प्रत्येक जोड़े के विवाह के लिए 11 पंडितों को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि एक दिव्यांग युवती का विवाह भी इसी कार्यक्रम में होगा। युवतियों को तैयार करने के लिए लखनऊ से महिलाओं की टीम बुलाई गई है।