बहराइच। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का आयोजन रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर होगा। परीक्षा में कुल 11 हजार 919 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शुचितापूर्ण तरीके से आयोजित कराने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा के लिए पर्यवेक्षक व स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किये गये हैं। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहेंगे।
जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित कराने के लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज बहराइच, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहराइच, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कैसरगंज, ठाकुर हुकुम सिंह इंटर कॉलेज कैसरगंज, महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बहराइच, श्री शंकर इंटर कॉलेज नानपारा, राहत जनता इंटर कॉलेज नानपारा, सआदत इंटर कॉलेज नानपारा, महाराज सिंह इंटर कॉलेज बहराइच, तारा महिला इंटर कॉलेज बहराइच, वैद्य भगवानदीन मिश्र गांधी इंटर कॉलेज बहराइच, आजाद इंटर काँलेज बहराइच, आर्य कन्या इंटर काँलेज बहराइच, केडीसी बहराइच व चौधरी सियाराम इंटर काँलेज फखरपुर शामिल हैं।
परीक्षा को भलीभांति आयोजित कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि परीक्षा का आयोजन दो पालियों में होगा। प्रथम पाली (प्राथमिक स्तर) की परीक्षा सुबह दस से 12.30 तक व द्वितीय पाली (उच्च प्राथमिक स्तर) का आयोजन दोपहर ढाई बजे से सायं पांच बजे तक होगा। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पर्यवेक्षकों व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेंगे।