बहराइच। रामजानकी मंदिर में चोरी करने वाले दो चोरों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। पकड़े गए चोरों की पहचान कराने में मंदिर के पुजारी ने काफी अहम भूमिका निभाई। पकड़े गए चोरों को मुकदमे में नामजद करते हुए पुलिस ने जेल रवाना कर दिया।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के मिहींपुरवा बाजार में रामजानकी मंदिर स्थित है। मंदिर में रविवार व सोमवार रात चोरी हो गई थी। चोरी की सूचना पर एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार व मोतीपुर थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह मौके पर पहुंचे और पुजारी व स्थानीय लोगों को जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया। एएसपी ग्रामीण के निर्देश पर मोतीपुर थानाध्यक्ष ने मुखबिर का जाल बिछाया। थानाध्यक्ष को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे क्रॉसिंग कुड़वा के पास दो लोग रुपये गिन रहे हैं।
सूचना पर थानाध्यक्ष ने तत्काल एसआई रविंद्र प्रसाद व अतिउल्लाह को दलबल के साथ मौके पर भेजा। टीम ने पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दोनों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान परवानी गौढ़ी करन व संदीप के रूप में हुई। दोनों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि दानपात्र से हुई चोरी के 12,500 रुपये बरामद हुए है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए चोरों को जेल भेज दिया गया।