बहराइच। ससुराल आए दामाद की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई करने की बात कह रही है। युवक की मौत से उसके परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के जगातपुर गांव निवासी 28 वर्षीय कमल पुत्र गोपी का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के ककरहा गांव निवासी लक्ष्मी की पुत्री गुड़िया से हुआ था। बताया जाता है कि डेढ़ माह पहले युवक की पत्नी मायके गई थी। पत्नी को लेने गए पति कमल की ससुराल में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मृत युवक की मां सुदामा ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर मुर्तिहा कोतवाल कंहई प्रसाद पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ने बताया मृत युवक की मां ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।