बहराइच। आबकारी व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को पयागपुर के असैला गांव मेें अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए छापा मारा। इस दौरान गांव के छह घरों मेें धधकती मिलीं भट्ठियां व 10 क्विंटल लहन के साथ 70 लीटर शराब बरामद हुई। टीम ने लहन व भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया के निर्देशन मेें आबकारी निरीक्षकों, सिपाहियों व पुलिस की संयुक्त टीम ने पयागपुर थाना क्षेत्र के असैला गांव स्थित नवीन स्थल के आसपास बने घरों में छापा मारा। 12 घरों को खंगालने के बाद छह घरों से 10 क्विंटल लहन, 70 लीटर तैयार कच्ची शराब के साथ काफी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण मिले। मामले मेें झब्बर, कमलेश, गोधे, उदायी, मैदन व एक महिला राजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। डीईओ ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।