बिछिया (बहराइच)। बिछिया रेलवे स्टेशन के निकट झाड़ियों में अजगर ने बकरे को पकड़ लिया तभी ग्रामीणों की नजर अजगर पर पड़ी। ग्रामीण ने डंडे मारकर अजगर की गिरफ्त से बकरे को छुड़ाया।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत बिछिया रेलवे स्टेशन के निकट घनी झाड़ी है। झाड़ियों के बीच में बुधवार को अजगर पहले से मौजूद था। मौके पर मवेशियों को घास चरा रहे चरवाहों ने देखा कि अजगर बकरे को जबड़े में दबोचे है। अजगर ने बकरे को निगलने की कोशिश की, तभी पास में मौजूद राज नामक युवक पहुंच गया।
उसने साहस का परिचय देते हुए अजगर पर डंडे से वार किया। डंडे से वार करते हुए बकरे को छुड़ाया। ग्रामीणों के मुताबिक लगभग पांच मिनट तक अजगर बकरे को दबोचे रहा। अजगर के हमले में बकरे के मुंह और पैर में गंभीर चोट आई है। अजगर द्वारा शिकार की घात लगाने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जमा रहे।