राजीचौराहा (बहराइच)। छींटनपुरवा गांव में बुखार फैल गया है जिसकी चपेट में आने से बालक समेत 10 लोग बीमार हैं। सूचना स्वास्थ्य केंद्र पर दी गई है, लेकिन कोई भी स्वास्थ्य कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों में नाराजगी है।
महसी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत हरदी गौरा के मजरा छींटनपुरवा में बुखार फैल गया है। बुखार की चपेट में आकर गांव निवासी प्रीतम पंडित (11) पुत्र अशोक, मां नीलम (36) पत्नी अशोक, अवधेश पांडेय (20) पुत्र रवींद्र और सुखलाल पंडित (65) समेत 10 लोग चपेट में हैं। बुखार फैलने की सूचना ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र पर दी। गांव निवासी अशोक कुमार और रवींद्र का कहना है कि सभी में मच्छरजनित बीमारी फैली है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है। जिससे सूचना के बाद भी टीम गांव नहीं पहुंची है। इस मामले में सीएमओ डॉ. एसके सिंह से वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि अब जानकारी मिली है। स्वास्थ्य टीम को गांव भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी कैंप लगाकर ग्रामीणों की इलाज करेंगे।