बौंडी (बहराइच)। तालाब के ऊपर बनी पुलिया पर बैठकर बात कर रहे दो साथियों में से एक संतुलन बिगड़ने से तालाब में गिर गया। युवक को बचाने के लिए दूसरा साथी भी तालाब में कूद गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण भी एकत्र हुए और डूब रहे युवकों को बचाने के लिए ग्रामीण भी कूद गए। एक साथी को ग्रामीणों ने डूबने से बचा लिया, लेकिन दूसरा साथी गहरे पानी में चला गया था। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया।
बौंडी थाना क्षेत्र के खैरा बाजार निवासी 30 वर्षीय दशरथ व 40 वर्षीय जाहिद मरौचा-बौंडी मार्ग स्थित पुलिया पर बैठकर रविवार देर रात बात कर रहे थे। इसी दौरान दशरथ का संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में गिर गया। दशरथ को डूबता देख जाहिद बचाने के लिए तालाब में कूद गया। वह भी डूबने लगा। तब तक आसपास के लोग दौड़ पड़े। कुछ ग्रामीण बचाने के लिए तालाब में कूदे और डूब रहे जाहिद को बचा लिया, लेकिन दशरथ को नहीं बचा सके। गहरे पानी में जाने के कारण डूबने से उसकी मौत हो गई। बौंडी थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।