बिछिया (बहराइच)। प्राथमिक विद्यालय लंबेपुरवा में दो सप्ताह पूर्व बच्चों का टीकाकरण कैंप लगा था। जिसमें गांव निवासी डेढ़ वर्षीय मासूम को भी टीका लगाया था। ओपीवी बूस्टर टीका लगाने के बाद मासूम के पैर में इंफेक्शन फैल गया। पैर में गांठ भी पड़ गई है। इसकी शिकायत अधीक्षक से परिवार के लोगों ने की है। अधीक्षक ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
मोतीपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत रमपुरवा के लंबेपुरवा गांव के प्राथमिक विद्यालय में दो सप्ताह पूर्व सामान्य टीकाकरण का आयोजन हुआ जिसमें गांव निवासी मनीष कुमार ने अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र सोम जी को ओपीवी बूस्टर का टीका लगवाया। पिता मनीष कुमार ने बताया कि टीका लगवाने के अगले दिन ही बेटे के पैर में इंफेक्शन फैल गया। गांठ भी पड़ गई। परिवार के लोगों ने इसकी सूचना एएनएम निशा सिंह व आशा बहू को दी, लेकिन मौके पर कोई भी कर्मचारी नहीं गया। इस पर परिवार के लोग मासूम को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा से एएनएम द्वारा लापरवाही बरतने और टीका से इंफेक्शन होने की शिकायत की। अधीक्षक ने बताया कि टीकाकरण के बाद बच्चे के पैर में इंफेक्शन फैला है। इसकी जानकारी पीड़ित परिवार द्वारा दी गई है। एएनएम से स्पष्टीकरण मांगा गया है।