चित्तौरा (बहराइच)। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की लाभार्थी हाजरा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवाद किया। सीएम से बात कर हाजरा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि सीएम को ऊपर वाला और लोगों को मदद देने की ताकत दे।
आवासों के लाभार्थियों के गृह प्रवेश व आवास की चाभी वितरण कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद की ग्राम पंचायत अमीनपुर नगरौर की प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की लाभार्थी हाजरा पत्नी सलीम से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया गया। मुख्यमंत्री ने करीब दस मिनट तक उनसे संवाद किया। आवास का हालचाल लेने के साथ परिवार के बारे में भी बात की। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की सलाह दी। विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत और भ्रष्टाचार के बारे में भी बात करना सीएम नहीं भूले। मुख्यमंत्री ने हाजरा बेगम व उनके परिवार को सुन्दर और अच्छा आवास बनाने के लिए ढेर सारी बधाई व शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना का इतना अच्छा उपयोग करने के लिए लाभार्थी का अभिनंदन भी किया।
लाभार्थी संवाद कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना व सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि शिवम जायसवाल के साथ लाभार्थी हाजरा को आवास की चाभी भेंट की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार दुबे, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बलवंत सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी उमाकांत पाण्डेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जीडी यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की लाभार्थी हाजरा से मुख्यमंत्री के संवाद की शुरूआत सामान्य शिष्टाचार से हुई।
सीएम- आपने तो बहुत बड़ा मकान बनवा लिया है। यह मकान आपको देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिला है।
लाभार्थी- आपका और प्रधानमंत्री जी का हृदय से अभिवादन।
सीएम- आपके परिवार में कितने लोग हैं और आपको किन-किन योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है।
लाभार्थी- मेरे परिवार में छह सदस्य हैं। मुझे विभिन्न योजनाओं के तहत आवास, गैस चूल्हा, विद्युत कनेक्शन, राशन कार्ड आदि की सुविधा प्राप्त हो रही है।
सीएम- विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आपको किसी प्रकार की सिफारिश तो नहीं करवानी पड़ी।
लाभार्थी- मुझे कहीं पर सिफारिश नहीं करनी पड़ी।
सीएम- जब अच्छी सरकार आती है तो इसी प्रकार के अच्छे-अच्छे काम करके प्रत्येक पात्र व्यक्तियों को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ देती है।
सीएम- आपके परिवार में कौन-कौन सदस्य हैं।
लाभार्थी- मेरे चार बच्चे हैं।
सीएम- आपके बच्चे स्कूल में पढ़ते भी हैं।
लाभार्थी- गांव के स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं।
सीएम- बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, बच्चे अच्छा पढ़-लिख लेंगे तो हासिल की गई शिक्षा से इनको लाभ मिलेगा।