बहराइच। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज में पारले चीनीमिल की ओर से ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया गया है। जिसका ट्रायल बुधवार को सफलतापूर्वक हुआ। प्लांट संचालित होने से 50 मरीजों के बेड तक आसानी से ऑक्सीजन पहुंच जाएगा। क्षेत्र के लोगों को ऑक्सीजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
कैसरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण पारले चीनी मिल की ओर से कराया जा रहा था। प्लांट का निर्माण लगभग दो माह से चल रहा था। चीनी मिल के महाप्रबंधक अनिल सकूजा ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट निर्माण पर 40 लाख रुपये का खर्च आया है। प्लांट में फिटिंग वायरिंग और पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है। जिस पर बुधवार को ट्रायल किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट से 100 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन का उत्सर्जन होगा। अस्पताल में 50 बेड तक ऑक्सीजन आसानी से पहुंचेगा। सीएमओ ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट बनने से क्षेत्र के लोगों का सीएचसी में ही बेहतर इलाज हो सकेगा। ऑक्सीजन के लिए लोगों को जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।