नानपारा (बहराइच)। नेपाल से चरस लेकर भारत में तस्करी करने के लिए जा रही दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चरस की खेप बरामद हुई है। महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए एसपी सुजाता सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है। एसपी के निर्देश पर नानपारा कोतवाल संजय सिंह मुखबिर का जाल बिछाया। बुधवार को मुखबिर के जरिए कोतवाल को सूचना मिली कि दो महिलाएं चरस की तस्करी करने के लिए निकली हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल ने तत्काल राजा बाजार चौकी इंचार्ज अयोध्या सिंह व गुरगुट्टा चौकी इंचार्ज शशि राणा को महिला सिपाहियों के साथ कुर्मीनपुरवा बाईपास के पास भेजा। टीम मौके पर पहुंची तो दो महिलाएं आती दिखीं। महिला सिपाही मनोरमा राय व रीमा वर्मा ने रोका और टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर ली। तलाशी के दौरान महिलाओं के पास से ढाई किलो चरस बरामद हुई। नानपारा कोतवाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिलाओं की पहचान कसाईटोला निवासी मैनाज व हीना के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।