बहराइच। कैसरगंज और मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण अभी पूरा नहीं हो सका है जबकि जिलाधिकारी ने जुलाई माह में प्लांट का निरीक्षण कर अगस्त माह के पहले सप्ताह में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए थे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दो से तीन दिन में दोनों स्थान पर निर्माण कार्य पूरा कर प्लांट का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की किल्लत जिलेवासियों ने देखी थी। इसको देखते हुए सरकार ने मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा, पयागपुर, कैसरगंज व मोतीपुर में ऑक्सीजन प्लांट स्थापना को हरी झंडी दी थी। कैसरगंज में पारले चीनी मिल द्वारा ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया जा रहा है जबकि मोतीपुर सीएचसी में डीआरडीओ द्वारा ऑक्सीजन प्लांट का संचालन किया जाएगा, लेकिन अगस्त माह का आधा माह बीत गया है। अभी तक दोनों सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
जुलाई माह में सीएचसी मोतीपुर और कैसरगंज का निरीक्षण कर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जल्द से जल्द ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए थे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को कैसरगंज सीएचसी में बन रहे ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया गया। पारले मिल के इंजीनियर्स की टीम काम कर रही है। दो दिन में प्लांट का संचालन शुरू हो जाएगा। मोतीपुर के अधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा ने बताया कि प्लांट के सारे निर्माण कार्य पूरे हो गए हैं। अब डीआरडीओ के कर्मचारियों का इंतजार किया जा रहा है। डीआरडीओ के कर्मचारियों द्वारा ही प्लांट का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता चल रही है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज और मोतीपुर में ऑक्सीजन प्लांट निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। जल्द ही दोनों स्थानों पर प्लांट का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे 50-50 बेड तक ऑक्सीजन आसानी से पहुंच सकेगी। क्षेत्र के 100 मरीजों को इसका लाभ मिलेगा।
- डॉ. सतीश कुमार सिंह सीएमओ