बहराइच। जिले में दो केंद्रों पर पीजीटी परीक्षा मंगलवार को आयोजित हुई। दोनों पालियों में 179 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में मनोविज्ञान व वाणिज्य के सवालों ने छात्रों को परेशान कर दिया। सवालों के मकड़जाल में छात्र उलझे रहे। अन्य विषयों के सवालों की सरलता ने थोड़ी राहत दी। परीक्षा देकर बाहर निकलने वाले छात्रों के चेहरे पर मुस्कान झलकी। छात्रों ने बेहतर परीक्षा होने की बात कही। परीक्षा के दौरान डीआईओएस व एसडीएम औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
प्रशिक्षित स्नातक संवर्ग परीक्षा के लिए जिले में जीआईसी व जीजीआईसी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दोनों पालियों में 1142 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 179 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में कोरोना प्रोटोकाल का पूरा पालन कराया गया। छात्र-छात्राओं को मास्क व सेनेटाइजर के साथ ही अंदर प्रवेश दिया गया। मंगलवार को सुबह की पॉली मेें इतिहास, समाजशास्त्र, तर्कशास्त्र, मनोविज्ञान, भौतिक विज्ञान व शाम की पॉली में हिंदी, भूगोल, रसायन विज्ञान, संगीत, वाणिज्य, शारीरिक शिक्षा से जुड़े सवाल पूछे गए। छात्रों ने बताया कि मनोविज्ञान व वाणिज्य के सवाल काफी घुमाने वाले थे। उनको हल करने में थोड़ी समस्या हुई, लेकिन अन्य विषयों के सवाल बहुत ही सरल लगे। सरल सवालों के बाद जब घुमाने वाले सवाल सामने आए तो उन्हें हल करने में समस्या आई, लेकिन पेपर अच्छा हुआ। उम्मीद है कि इस बार परिणाम अच्छा आएगा। परीक्षा के दौरान डीआईओएस चंद्रपाल व एसडीएम सदर सौरभ गंगवार दोनों पालियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।