10 बीएचआर 26 - फखरपुर में टीनशेड में करंट लगने से ग्रामीण की मौत के बाद बिलखते परिजन।
- फोटो : BAHRAICH
फखरपुर (बहराइच)। कहारनपुरवा गांव में दो ग्रामीण टिनशेड के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे तभी अचानक टिनशेड में करंट आ गया। करंट आने से दोनों ग्रामीण गिरकर तड़पने लगे। चीख-पुकार सुनकर लोगों ने डंडे के सहारे दोनों को बाहर निकाला। बुरी तरह से झुलसने के कारण मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान एक ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पॉवर कार्पोरेशन ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
फखरपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत रौंदोपुर के मजरा कहारनपुरवा निवासी मस्तराम (32) पुत्र नकछेद और भगवती (60) अपने घर के पड़ोस में स्थित एक टिनशेड के नीचे मंगलवार को सुबह बैठे हुए थे। टिनशेड के नीचे बैठकर दोनों ग्रामीण आपस में बैठकर बातचीत कर रहे थे तभी अचानक टिनशेड में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से दोनों गिरकर तड़पने लगे। दोनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र को सूचना देकर बिजली कटवाई।
इसके बाद डंडे के सहारे दोनों लोगों को बाहर निकाला। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से झुलसे वृद्ध और ग्रामीण को मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान ग्रामीण मस्तराम की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से झुलसे वृद्ध का इलाज चल रहा है। ग्रामीण की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
रौंदोपुर ग्राम पंचायत के कहारनपुरवा मजरे में टिनशेड में करंट उतरने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की एक टीम को मौके पर भेजा गया। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- विजय तिवारी, अवर अभियंता, फखरपुर